फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: चामी के लोगों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

Wed, 05 Jul 2023 10:38 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
बाराकोट के चामी गांव में नलकूप निर्माण कार्य का शुभारंभ करते ग्राम प्रधान प्रकाश महर। संवाद
विज्ञापन
लोहाघाट (चंपावत)। वर्षों इंतजार के बाद पेयजल संकट से जूझ रहे चामी गांव के लोगों को जल्द पेयजल संकट से निजात मिलेगी। जल निगम की ओर से हर घर नल हर घर जल योजना के तहत 60 लाख रुपये से नलकूप निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को पूजा अर्चना के साथ ग्राम प्रधान प्रकाश महर ने नलकूप निर्माण का कार्य शुरू कराया।
विज्ञापन

ग्राम प्रधान ने बताया कि क्षेत्रवासियों को पेयजल के लिए दिक्कतें होती हैं। गांव की पुरानी पेयजल योजना में पानी न आने से ग्रामीण नौलों, धारों, गधेरों से पानी लाकर अपनी प्यास बुझाते आ रहे थे। उन्होंने बताया कि गांव में नलकूप लगाने का काम शुरू कर दिया है। भगवती मंदिर के पास 20 केएल का मुख्य पेयजल टैंक बनाया जाएगा। जल निगम के अवर अभियंता दीपक पांडेय ने बताया कि नलकूप निर्माण का कार्य करीब चार से पांच महीने में पूरा हो जाएगा। इस मौके पर पूर्व प्रधान भवान सिंह महर, दान सिंह, पूरन सिंह, विक्रम सिंह, हयात राम आदि मौजूद रहे।

................
पानी साफ करने की दवा वितरित करने की मांग

बनबसा (चंपावत)। बारिश से जगह-जगह जल भराव होने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। गंदगी से संक्रमण का खतरा भी बना है। नगर पंचायत अध्यक्षा रेनू अग्रवाल, गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, व्यापार मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी, पूर्व अध्यक्ष भरत भंडारी, महामंत्री अभिषेक गोयल आदि ने प्रशासन से पानी साफ करने की दवा वितरित करने की मांग की है। संवाद
विज्ञापन

............
लिफ्ट नहीं होने से दो दिन से बारिश का पानी पी रहे गंगोलीहाट के लोग

- योजना में सिल्ट आने से लिफ्ट नहीं कर रहा जल संस्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। लगातार हो रही बारिश के कारण सालीखेत गधेरे में भारी मलबा आ गया है। इस वजह से जल संस्थान ने पिछले दो दिन से पानी लिफ्ट नहीं किया है। नलों में पानी नहीं आने से लोग बारिश का पानी पीने को मजबूर हैं।
गंगोलीहाट नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए सालीखेत गधेरे से पंपिंग योजना बनी है। लगातार हो रही बारिश से गधेरे में मिट्टी और मलबा गिर रहा है। पानी मटमैला होने से जल संस्थान के कर्मचारी पानी लिफ्ट नहीं कर रहे हैं। इससे पुनोली, कुंजनपुर, हनेरा, लाली , खतेडा, भाटगांव, हाट, पठक्यूड़ा, गेरुवा, चोढियार, खेतिगड़ा, पतारबाड़ा, चुतरापानी, कफलाडी़, दशाईथल, जीबल, गुप्तडी में लोगों के नलों से पानी नहीं टपक रहा है। सड़क किनारे लगे हैंडपंप और पारंपरिक स्रोत में भी साफ पानी नहीं आ रहा है।
नगर सहित आसपास के डेढ़ दर्जन गांव में दो दिन से पानी की किल्लत बनी हुई है। लोग बारिश के पानी से काम चला रहे हैं। जल संस्थान के जेई रूपेश आर्या ने बताया कि सालीखेत गधेरे में मलबा और मिट्टी जमा होने से दो दिन से पानी लिफ्ट नहीं किया गया है। पानी साफ होते ही आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। संवाद
..............
तीन दिन में वनराजि परिवार को पानी दे जल संस्थानः एसडीएम
- दो किमी दूर बरसाती धारे का पानी पी रहे हैं वनराजि
संवाद न्यूज एजेंसी
डीडीहाट(पिथौरागढ़)। वनराजि बहुल गांव मदनपुरी में 15 दिन से वनराजि परिवार पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। बरसात के मौसम में भी उन्हें पानी नहीं मिल पा रहा है। परेशान वनराजि परिवारों ने एसडीएम से पेयजल व्यवस्था करने की मांग की। एसडीएम ने जल संस्थान को तीन दिन के अंदर मदनपुरी में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
22 जून को भारी बारिश के बाद तहसील के वनराजि गांव मदनपुरी की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। वनराजि परिवारों के बच्चे, महिलाएं, बूढ़े मदनपुरी से दो किमी दूर एक बरसाती धारे से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। मदनपुरी के ग्राम प्रधान महेश सिंह ने पेयजल योजना के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी पूर्व में ही जल संस्थान को दे दी थी। जानकारी मिलने के बाद एसडीएम अबरार अहमद ने मदनपुरी में जल संस्थान को क्षतिग्रस्त पेयजल योजना को वैकल्पिक रूप तत्काल सही करने के निर्देश दिए हैं। जल संस्थान के ईई अवधेश कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त पेयजल योजना के पाइपों को बदलने का काम शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। दो से तीन दिन में वनराजि गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
........इनसेट............
पिथौरागढ़ के कई हिस्सों में नहीं आया पानी
पिथौरागढ़। बुधवार को पिथौरागढ़ के टकाना, लिंक रोड सहित कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति बंद रही। पानी नहीं आने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सामाजिक कार्यकर्ता जुगल किशोर ने बताया कि टकाना क्षेत्र में जल संस्थान की आपूर्ति आए दिन प्रभावित हो रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें