पाटी (चंपावत)। पाटी के लोगों के लिए अच्छी खबर है। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक सप्ताह में एक्सरे शुरू हो जाएंगे। एक्सरे मशीन मिलने के बाद तकनीशियन की तैनाती हो जाएगी। इससे पाटी ब्लाॅक के 40 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। एक्सरे मशीन लगने से मरीजों को लोहाघाट-चंपावत की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
पाटी में 2003 में सांसद निधि से एक्सरे मशीन मिली थी। करीब एक साल तक एक्सरे परीक्षण भी हुए, लेकिन कभी तकनीशियन तो कभी मशीन की खामी से परीक्षण नहीं हो सके। 2014 के बाद यहां ये परीक्षण पूरी तरह बंद हो गए लेकिन अब विभाग ने पाटी अस्पताल को नई एक्सरे मशीन मिलने के बाद एक्सरे तकनीशियन भी मिल गया है। सीएमओ डॉ केके अग्रवाल ने बताया कि जिला योजना से मशीन खरीदने के बाद खनन न्यास से एक्सरे तकनीशियन की तैनाती हो गई है। मशीन को एक सप्ताह में इस्टॉल कर दिया जाएगा।
जिले में तीन अस्पतालों में होते हैं एक्सरे
चंपावत। चंपावत जिले में तीन सरकारी अस्पतालों में एक्सरे परीक्षण की सुविधा है। जिला अस्पताल के अलावा टनकपुर और लोहाघाट के उप जिला अस्पताल में ये सुविधा है। और अब जल्द ही पाटी में भी ये सुविधा मिलने लगी। अब सिर्फ बाराकोट ब्लॉक का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ही इस सुविधा से वंचित है।