चंपावत में लोक सेवा आयोग की परीक्षा को लेकर अधिकारियों को निर्देशित करते एडीएम हेमंत कुमार वर्
चंपावत। जिले में 17 दिसंबर को छह केंद्रों में लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी पदों की लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने जोनल, ऐक्टर मजिस्ट्रेट और परीक्षा प्रभारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए। एडीएम ने सभी प्रधानाचार्यो और परीक्षा प्रभारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र में कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल घड़ी या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं ले जा पाए। इस दौरान सभी परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि पर धारा 144 लागू रहेगी। परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले में दो जोनल और छह सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जिले में उड्डयन इंटरनेशनल स्कूल, यूनिवर्सल ग्रीन इंटर कॉलेज, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, मलिकार्जुन स्कूल और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा सुबह 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक आयोजित की जाएगी। संवाद