मेरा गांव मेरा अभिमान के तहत बाराकोट के रैगांव में महिलाओं को सम्मानित करते आयोजक।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। ‘मेरा गांव-मेरा अभिमान’ का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान गांव के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
शिक्षक गोविंद सिंह की अध्यक्षता और राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक शंकर सिंह अधिकारी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों की ओर से चलाए जा रहे ‘मेरा गांव-मेरा अभिमान’ की समीक्षा की गई। विक्रम अधिकारी और राजेश अधिकारी ने वर्षभर के आय-व्यय का लेखा प्रस्तुत किया। शिक्षक शंकर ने बताया कि ग्रामीणों की सामूहिक पहल पर गांव के विकास, युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने आदि के लिए एक वर्ष पहले ‘मेरा गांव-मेरा अभिमान’ कार्यक्रम चलाया था जिसमें जनता ने गांव के रास्तों, जलस्रोतों, मंदिरों की सफाई, निशुल्क कक्षा संचालन, नव युवक मंगल दल और महिला मंगल दल ने तमाम जागरूकता कार्यक्रम किए।
उन्होंने बताया कि गांव के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर युवक मंगल दल अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी, महेंद्र सिंह अधिकारी, मोहन सिंह अधिकारी, रोहित चौहान, भीम सिंह अधिकारी, जगदीश सिंह अधिकारी, सुदर्शन अधिकारी, चंद्र सिंह अधिकारी, चंचला देवी आदि मौजूद थे।