बनबसा में दिखाई दिया लुप्त प्रजाति का दुर्लभ सफेद पूंछ वाला गिद्घ। फोटो कैलाश थपलियाल के सौजन्य
बनबसा (चंपावत)। बनबसा में छह दिन पूर्व दुर्लभ प्रजाति का सफेद पूंछ वाला गिद्ध दिखाई दिया। इसे बनबसा बीएड कालेज के निदेशक एवं वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर कैलाश थपलियाल ने कैमरे के कैद किया। दुर्लभ गिद्ध का फोटो लेने के लिए उन्होंने तीन दिनों तक प्रतीक्षा की तब उन्हें यह सफलता मिली।
विगत 19 फरवरी को देर शाम कैलाश थपलियाल, अभिनव चंद एवं ललित कलौनी फोटोग्राफी के लिए निकले थे। अचानक बनबसा नगर पंचायत के पूर्वी छोर स्थित जंगल में करीब 12 से अधिक गिद्धों का झुंड देख वे ठहर गए। वहां मरे जानवर पड़े होने से गिद्ध मंडरा रहे थे। थपलियाल ने बताया कि क्षेत्र में गिद्ध लंबे समय बाद दिखाई दिए। उन्हें गिद्धों के झुंड में सफेद पूंछ वाला गिद्ध दिखाई दिया। काफी प्रयास के बाद भी वे उसका फोटो शूट नहीं कर पाए। तीन दिनों के प्रयास में उन्होंने सफेद पूंछ वाले गिद्ध को कैमरे में कैद कर ही लिया।
इधर सुरई रेंज पूर्वी तराई वन प्रभाग हल्द्वानी के रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि सफेद पूंछ वाला गिद्ध दुर्लभ प्रजाति का पक्षी है। इनकी संख्या में गिरावट के चलते इसको लुप्त पक्षियों की श्रेणी में रखा गया है। कहा कि इस गिद्ध का दिखाई देना अच्छा संकेत है। संवाद