चंपावत। दिल्ली में काम छूटने पर एक युवक ने नशा करने के साथ नशे की सामग्री को बेचने का धंधा शुरू कर दिया। पुलिस ने चार ग्राम स्मैक के साथ युवक को बुधवार शाम को बनलेख के पास दबोचा। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक लोहाघाट के सुई गांव का लवलेश कुमार उर्फ लवी चार ग्राम स्मैक के साथ चंपावत से नौ किमी दूर बनलेख से पकड़ा गया। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय का कहना है कि पूछताछ में युवक ने दिल्ली में काम छूटने के बाद घर आने पर वह स्मैक के नशे में फंस गया। और नशा करने के साथ पिछले दो माह से स्मैक नानकमत्ता से सस्ते दाम पर खरीदकर लोहाघाट क्षेत्र में बेचा करता था। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी सुरेंद्र सिंह खड़ायत, दरोगा ललित पांडेय, पिंकी धामी, जीवन सिंह, दुर्गानाथ, मनोज बेरी और महेश मेहता शामिल थे।