लोहाघाट (चंपावत)। सुर सम्राट मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर रूमझूमा सांस्कृतिक समिति की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
नगर पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय ने सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। रफी की याद में गायिका सोनिया ने तेरी आंखों के सिवा इस दुनिया में रखा क्या है, कमल ओझा ने आज मौसम बड़ा बेईमान है, ध्रुव गड़कोटी ने लिखे जो खत तुझे, नवनीत पांडेय ने ये चांद सा रोशन चेहरा, प्रज्ञा मेहता ने गुलाबी आंखें, अनिमेष जोशी ने एक प्यार का नगमा है आदि गीत प्रस्तुत किए।
इससे पूर्व सांस्कृतिक संध्या में प्राथमिक, जूनियर और सीनियर वर्ग की गायन, वादन और नृत्य प्रतियोगिता में कलाकारों एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। समिति के निदेशक जीवन मेहता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस मौके पर महेश राय, राजन राय, कैलाश मेहता और दान सिंह मेहता को सम्मानित किया। कार्यक्रम में राकेश मेहता, जीवन गहतोड़ी, सरोज पुनेठा, राजन राय, प्रकाश राय, दीप जोशी, कैलाश बगौली, नरेश राय, मुकेश साह, मुकुल राय आदि मौजूद रहे।