संवाद न्यूज एजेंसी
लोहाघाट (चंपावत)। रायनगर चौड़ी गांव में शनिवार को रसोई गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने आई पिकअप जीप में काफी सिलिंडरों में वजन कम निकला। शक होने पर ग्रामीणों ने पास की चक्की में 15 सिलिंडरों का वजन किया, तो उनमें से 13 में तीन से छह किलो तक वजन कम निकला। नाराज ग्रामीणों ने फोन से इसकी शिकायत एजेंसी के प्रभारी से की। शनिवार को लोहाघाट गैस एजेंसी से रायनगर चौड़ी में सिलिंडरों से लदी पिकअप जीप पहुंची। ग्रामीणों ने जैसे ही सिलिंडर लेना शुरू किया, तो उन्हें वजन कुछ कम लगा। संदेह होने पर उन्होंने पास की चक्की में वजन किया, तो तौल में ज्यादातर सिलेंडरों में वजन कम निकला। 14 किलो 200 ग्राम भरी गैस वाले सिलेंडर का कुल वजन 29 किलो 500 ग्राम होता है, लेकिन यहां 13 सिलेंडरों में वजन तीन से छह किलो तक कम था। ग्रामीण जीवन, कमलेश, संदीप, सुनील, राजेंद्र, अजय आदि ने कम तौल वाले सिलेंडरों को लेने से इंकार कर दिया। बाद में उन्होंने सही तौल वाले सिलिंडर लिए। साथ ही मामले की शिकायत एजेंसी प्रभारी से की। प्रभारी नवीन पंत ने कहा कि सिलिंडर वजन करके ले जाने को कहा गया था। गैस कैसे कम थी, इसकी जांच कराई जाएगी।