चंपावत। नानकमत्ता गुरुद्वारे के डेरा कार सेवा प्रमुख संत बाबा तरसेम सिंह की हत्या के बाद रीठा साहिब क्षेत्र में शोक की लहर है। लोगों के गोली मारने वालों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग उठाई है। बाबा तरसेम सिंह का मीठे रीठे के प्रसाद के लिए प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री रीठासाहिब से बेहद लगाव था। वह अक्सर प्रवास के लिए यहां आते थे। इस बार भी वह 30 मार्च को राज्यपाल गुरमीत सिंह के दौरे को लेकर रीठासाहिब आने वाले थे। गुरुद्वारा श्री रीठासहिब के प्रबंधक बाबा श्याम सिंह घटना की जानकारी मिलते ही नानकमत्ता को रवाना हो गए हैं। गुरुद्वारे में आए यात्रियों ने भी इस घटना की निंदा की है। सामाजिक कार्यकर्ता भगवान राम, दीवान राम, सतनाम सिंह, सोनी सिंह आदि ने शोकसभा कर बाबा तरसेम सिंह को श्रद्धांजलि दी।