लोहाघाट में बाराकोट टैक्सी स्टैंड के पास सड़क का हाल। संवाद
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। बीते सोमवार हुई बारिश से बाराकोट टैक्सी स्टैंड पर गड्ढों में जलभराव लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। पानी की निकासी न होने से बाराकोट टैक्सी स्टैंड में गड्ढे तालाब में तब्दील हो गए हैं। दिसंबर माह में स्टेशन बाजार से बाराकोट टैक्सी स्टैंड तक डामरीकरण का कार्य किया गया था। दो माह बाद ही सड़क पर गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों में पानी भरने से पैदल आवाजाही करने वालों लोगों के साथ ही वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन चालकों ने बताया मंगलवार को सुबह से कई दोपहिया वाहन स्लिप हो गए है। वाहन चालक उमेश कालाकोटी, राम सिंह, गोपाल राम, श्याम राम, दीपक चंद्र, कौशल कुमार, दीवान सिंह, प्रकाश सिंह, नवीन चंद्र, महेश चंद्र आदि का कहना था कि बाराकोट टैक्सी स्टैंड पर गड्ढों में पानी भर हुआ है। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों ने शीघ्र गड्ढे नहीं भरे जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
एनएच की लापरवाही को लेकर बीते दिनों डीएम से मुलाकात कर समस्याओं के बारे में अवगत करा दिया गया है। डामरीकरण का कार्य बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया है। एनएच से शीघ्र स्क्रबर और नालियों में डामरीकरण का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की गई है। - गोविंद वर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष, लोहाघाट
वर्तमान में कड़ाके की ठंड के कारण तापमान ठीक नहीं है। मौसम सामान्य होने के बाद शीघ्र ही डामरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। - नरेंद्र सिंह रावत, एई, एनएच, लोहाघाट।