बनबसा (चंपावत)। शारदा नदी अत्यधिक गाद आने से एनएचपीसी की पावर चैनल और यूपी सिंचाई विभाग की शारदा नहर की जलापूर्ति नदी में साफ पानी प्रवाहित होने तक बंद कर दी गई है। इससे एनएचपीसी और लोहियाहेड पावर हाउस में विद्युत उत्पादन थम गया है।
शारदा नदी के पानी में अत्यधिक गाद (मलबा) आने से मंगलवार सुबह नौ बजे एनएचपीसी प्रशासन ने टनकपुर बैराज से पावर चैनल में और बनबसा यूपी सिंचाई विभाग ने शारदा नहर की जलापूर्ति बंद कर दी। यूपी सिंचाई विभाग के बनबसा शारदा हेडवर्क्स बैराज प्रभारी जेई रोहित चौधरी ने बताया कि नदी के पानी में पीपीएम (पार्ट पर मिनट) 10 हजार से अधिक होते ही सुरक्षा के तहत नहर में पानी नहीं छोड़ा जाता है।
बताया कि पावर चैनल व नहर में सिल्ट जमाव और पावर हाउस की टरबाइन ब्लेडों के घिसाव को रोकने को पानी की सप्लाई बंद की जाती है। पानी का पीपीएम कम होने पर ही पावर चैनल और नहर में पानी छोड़ा जाएगा। क्षेत्र में ग्रिड से बिजली सप्लाई होने से बनबसा टनकपुर में बिजली आपूर्ति पूर्ववत है।
इधर पहाड़ों पर हुई वर्षा के बाद मंगलवार को बनबसा में दोपहर 12 बजे शारदा नदी का जलस्तर 41,240 क्यूसेक पहुंच गया। सोमवार रात 12 बजे जलस्तर 27,659, सुबह छह बजे 22,823, आठ बजे 21,323 क्यूसेक रहा। बनबसा में अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।