पाटी (चंपावत)। ब्लॉक के सांगो गांव में जल जीवन मिशन की योजना पर मोटी रकम खर्च करने के बाद भी लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। योजना को अधूरा छोडऩे से ये नौबत आई है। ग्रामीणों ने योजना के निर्माण में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने के अलावा सीएम पोर्टल के जरिए शिकायत की है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता दीपक जोशी सहित कई ग्रामीणों का कहना है कि सांगो में पूर्व में चलने वाली योजना से कुछ समय पहले तक पानी की आपूर्ति होती थी लेकिन जेजेएम के तहत 36.40 लाख रुपये से निर्मित इस योजना से पानी की किल्लत बढ़ गई है। लोग दूरदराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है। ग्रामीणों ने योजना पूरी करने के साथ जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में दीपक जोशी, विक्रम सिंह, रतन सिंह, नैन सिंह, प्रकाश जोशी, अमित सिंह, भुवन सिंह, शिवराज सिंह, नीरज सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं। उधर जल निगम के ईई वीके पाल का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। योजना से ग्रामीणों को पूरा लाभ मिलेगा।