चंपावत। जिला अस्पताल में सुविधाएं बढ़ने के साथ इलाज की गुणवत्ता भी सुधरी है लेकिन इलाज से इतर पेयजल लीकेज परेशानी बढ़ा रही है। इस लीकेज से अस्पताल के ओपीडी कक्ष के एक हिस्से में मंगलवार को फर्श में पानी जमा हो गया। इससे यहां से आवाजाही से लेकर मरीजों का अपनी बारी के लिए इंतजार करने में परेशानी हो रही है।
वाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) के एक हिस्से के पास के शौचालय की आंतरिक पेयजल लाइन के पाइप लीक होने से दीवार के सहारे पानी रिस रहा है। इससे ये पानी फर्श पर एकत्र हो रहा है। इस जमा पानी से आवाजाही में जोखिम होने के साथ इलाज के लिए आए लोगों की भी परेशानी बढ़ी है। लोगों ने इस खामी को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की है।
पेयजल लाइन की कुछ जगह खामी से लीकेज हो रहा है। इसे जल्द से जल्द ठीक करने के ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। दो दिन के भीतर इसे ठीक करा लिया जाएगा। - डॉ. एचएस ऐरी, पीएमएस, जिला अस्पताल, चंपावत।