टनकपुर(चंपावत)। 38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत पहली बार जिले में टनकपुर के काली नदी में राफ्टिंग डेमो खेल को लेकर तैयारियां तेज हैं। बूम के बाद अब राफ्टिंग के प्रारंभिक प्वाइंट चरण मंदिर के पैदल रास्ते में आकर्षक वाल पेंटिंग और प्रारंभिक कार्य शुरु हो गया है। तीन दिनी आयोजन के आगाज की तिथि 8 फरवरी के नजदीक आते ही इवेंट मैनेंजमेंट एजेंसी सक्रिय हो गई है। बता दें कि चरण मंदिर से काकड़ी घाट होकर बूम तक राफ्टिंग होगी। इसमें तीनों स्थानों पर तैयारियां चल रही हैं। इधर, पहली बार राफ्टिंग के राष्ट्रीय स्तर के डेमो से भविष्य में काली नदी में राफ्टिंग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। इससे क्षेत्र के लोग भी उत्साहित होने लगे हैं। इस क्षेत्र में नई संभावना भी नजर आने लगी है।