चंपावत के कठनौली में पेयजल को लेकर खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
चंपावत। जिले के सीमांत कठनौली में पेयजल समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया। बीते एक माह से अधिक समय से पेयजल संकट का सामना कर रहे ग्रामीणों ने जल्द जलापूर्ति सुचारू नहीं होने पर जल निगम के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निगम की ओर से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत में ढि़लाई बरती जा रही है। जिस कारण लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन करने वाले ग्रामीण लीलावती, कमला देवी, गरिमा, मुकेश भट्टट, भीम सिंह, प्रकाश भट्ट, सोनू भट्ट, रवि महर, कमल भट्ट आदि ने बताया कि पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को दो किमी दूर से पीने का पानी जुटाना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कतें पशुपालकों को हो रही हैं, जिन्हें पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल निगम की ओर से जल्द क्षतिग्रस्त पेयजल योजना में आपूर्ति सुचारू नहीं की तो जल निगम कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। उधर, जल निगम के अभियंता अनिल प्रसाद ने बताया कि कठनौली पेयजल योजना की पाइप लाइन कई स्थानों पर जंक लगने से बंद हो गई है। जिसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा।