लोहाघाट के सुंई पऊ में मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने पर जिला पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के ग्राम सभा सुई पऊ के ग्रामीणों ने जिला पंचायत पर मोटर मार्ग निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने अधूरे मोटर मार्ग का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर जिला पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन किया। जल्द मोटर मार्ग का निर्माण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ साल पूर्व जिला पंचायत ने ग्राम सभा के मौखरा से भुट्टाक तक दो किलोमीटर मोटर मार्ग के लिए कटिंग का कार्य शुरू हुआ था। करीब आठ सौ मीटर मोटर मार्ग कटिंग के बाद ठेकेदार ने कार्य आधे में छोड़ दिया है। ग्रामीण मयंक ओली का कहना है कि अभी गांव के खेतों में घास और फसल नहीं है जिससे मोटर मार्ग कटिंग कार्य करने में आसानी होगी। उन्होंने शीघ्र जिला पंचायत से मोटर मार्ग का कार्य शुरू करने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में राहुल कुमार, रितिक खकज्वाल, सुंदर राम, अखिलेश, विनोद ओली, मयंक ओली, गौरव जोशी, मुकुल ओली, नवल कुमार, हरीश चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे। इधर जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय ने बताया कि बीते साल मोटर मार्ग कटिंग के दौरान ग्रामीणों की ओर भूमि विवाद के कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया था। नए वित्तीय वर्ष में भूमि विवाद सुलझ जाने निर्माण कार्य कार्य कराया जाएगा।