उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के कक्ष के लिए चंपावत में अपना अनुक्रमांक देखतीं छात्राएं। संवाद
चंपावत। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा बृहस्पतिवार से छह अप्रैल तक होगी। यह परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक मात्र एक पाली में होगी। पहले दिन बृहस्पतिवार को इंटर हिंदी और दूसरे दिन शुक्रवार को हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा होगी। सीईओ आरसी पुरोहित ने बताया कि निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। चंपावत जिले में 39 परीक्षा केंद्रों में हाईस्कूल के 3,684 और 38 केंद्रों में इंटर के 3,300 छात्र-छात्राएं परीक्षाएं देंगे। कई छात्र-छात्राएं बुधवार को ही अपना कक्ष और सीट देखने के लिए कॉलेज पहुंचे। सभी परीक्षा केंद्र के आसपास धारा 144 लगाई गई है।
परीक्षा शुरू होने से एक दिन पूर्व बुधवार को यहां जीजीआईसी में परीक्षा कक्ष और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। प्रधानाचार्या भुवनेश्वरी ने बताया कि जीजीआईसी में हाईस्कूल के आठ स्कूलों के 321 परीक्षार्थी और इंटर के पांच कॉलेज के 299 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। नकल रोकने के लिए सभी तहसील क्षेत्रों में कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम सदर रिंकू बिष्ट ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी। किसी भी केंद्र के बाहर समाज विरोधी तत्व, परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर रोक रहेगी। ड्यूटी पर तैनात लोगों और परीक्षार्थियों के अलावा कोई भी बाहरी व्यक्ति केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा।