बनबसा (चंपावत)। यूपीसीएल ने यूपी सिंचाई विभाग के बनबसा स्थित शारदा हेडवर्क्स की बिजली बीते दिवस शाम काट दी जिससे बैराज, कार्यालय व आवासीय परिसर और पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में अंधकार छा गया। बाद में करीब चार घंटे बाद यूपीसीएल की ओर से बिजली जोड़ दी गई।
यूपीसीएल के टनकपुर एसडीओ विकास भरती ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पिछला भुगतान नहीं किए जाने पर शारदा हेडवर्क्स की बिजली मंगलवार शाम साढ़े चार बजे काट दी गई थी। उन्होंने बताया कि शारदा हेडवर्क्स को वर्ष 2019 से पूर्व का करीब 2.54 करोड़ का भुगतान करना है जबकि शारदा हेडवर्क्स का कहना है कि लोहियाहेड पावर हाउस के संचालन को दिए पानी का करीब 14.20 करोड़ का भुगतान वसूलना है। दोनों राज्यों के बीच भुगतान को लेकर कई वर्षों से यह मामला विवाद का विषय बना हुआ है। दोनों राज्यों के उच्चाधिकारियों द्वारा पुराना भुगतान कर दिए जाने के समझौते के बाद तय हुआ था कि अब नया भुगतान नियमित किया जाता रहेगा लेकिन बिजली नहीं काटी जाऐगी जिसपर वर्ष 2019 के बाद शारदा हेडवर्क्स यूपीसीएल को नियमित भुगतान करता चला आ रहा है।
शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि बुधवार को यूपीसीएल काे 1.83 करोड़ का भुगतान कर दिया गया है। उनका कहना है कि मार्च माह तक यूपीसीएल को भुगतान किए जाने की बात कही गई थी। मार्च समाप्त होने तक नहीं बिजली काटी जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि मेले के दौरान बिजली काटना उचित कदम नहीं था। बताया कि यूपी सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता के प्रयासों से चार घंटे बाद बनबसा शारदा हेडवर्क्स की बिजली जोड़ दी गई।