लोहाघाट (चंपावत)।अराजक तत्वों ने शहर से लगे रायनगर चौड़ी के प्राथमिक विद्यालय के ताले और दरवाजे तोड़कर कापी किताबों को आग के हवाले कर दिया। 12 दिन पूर्व ही अराजक तत्वों ने राजकीय पॉलिटेक्निक के दो आवासीय भवनों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
शुक्रवार को अराजक तत्वों ने रायनगर चौड़ी राय प्राथमिक विद्यालय के ताले तोड़कर कमरों में रखी किताबों में आग लगा दी। घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने 112 पर दी। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि अराजक तत्वों ने विद्यालय के दरवाजे, कमरे के भीतर बक्से में लगे ताले को तोड़ा। बक्से और अलमारी में रखी कापी, किताबों में आग लगा दी। सूचना मिलते ही प्रभारी प्रधानाध्यापक महेश चंद्र उप्रेती भी मौके पर पहुंच गए। प्रधानाध्यापक ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व छात्र संख्या न होने के कारण विद्यालय बंद हो गया था। इसमें कापी, किताब और अन्य सामग्री रखकर ताला लगा दिया था।
अग्निशमन अधिकारी चंदन राम ने बताया कि दमकल कर्मियों ने फायर एस्टिंग्यूसर और पानी से आग पर काबू पाया। प्रधान जितेंद्र राय ने बताया कि विद्यालय में अराजक तत्वों का डेरा बना हुआ है। आए दिन राह चलते लोगों के साथ भी अभद्रता करते हैं। फिलहाल मामले में पुलिस को किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस अराजक तत्वों की तलाश में जुट गई है। इस मौके पर एलएफएम कुंदन सिंह, भैरव सिंह, भरत बोहरा, पारस वर्मा, हिमांशु, भरत सिंह, प्रमोद कुमार सहित चीता और 112 के पुलिस कमी मौजूद रहे।