बेलखेत के पास हादसे में क्षतिग्रस्त कार और बाइक।
- फोटो : स्रोत : स्थानीय
टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलखेत के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन दोपहिया वाहनों से टकरा गई। घटना में सभी वाहनों को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि वाहन की चपेट में कोई नहीं आया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि कार में सवार तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
बृहस्पतिवार शाम करीब 4:30 बजे चंपावत से टनकपुर की तरफ जा रही कार (यूके 03 टीए 1777) अचानक बेलखेत के पास अनियंत्रित हो गई। इस दौरान सड़क के किनारे खड़े तीन स्कूटी वाहन भी कार की चपेट में आ गए। कार एक के बाद एक तीनों स्कूटियों को टक्कर मारते हुए दुकान के शटर से जा टकराई। घटना में दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। चल्थी चौकी प्रभारी राकेश कठायत ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। हादसे में कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए 108 एंबुलेंस वाहन से टनकपुर उप जिला अस्पताल भेजा गया।