टनकपुर के हाइवे पर पलटा 108 एंबुलेंस वाहन। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-चंपावत एनएच पर ककराली गेट और पिथौरागढ़ चुंगी के बीच ओवर टेक करते समय पिथौरागढ़ की 108 एंबुलेंस सड़क पर पलट गई। इससे अफरातफरी मच गई और जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से एंबुलेंस को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। एंबुलेंस में सवार चालक और फार्मासिस्ट बाल-बाल बच गए। डायल 112 के एएसआई कुशल सिंह नगरकोटी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:10 बजे एनएच पर डंपर (यूके 03 सीए 9008) को ओवर टेक करते समय 108 एंबुलेंस (यूके 07 जीए 3216) पलट गई। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से चालक गणेश भट्ट निवासी मजिरकांडा, झूलाघाट (पिथौरागढ़) और फार्मासिस्ट भूपेंद्र जोशी निवासी पिपाना (पिथौरागढ़) को बाहर निकाला। गनीमत रही कि वाहन में कोई मरीज नहीं था। टनकपुर 108 एंबुलेंस सेवा के चालक मो. शरीफ ने बताया कि एंबुलेंस पिथौरागढ़ की है। मरीज को हल्द्वानी के अस्पताल छोड़कर लौट रही थी कि यह हादसा हो गया।