लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट और आसपास के तमाम ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए भटकना पड़ रहा है। यहां उप जिला अस्पताल में एक मात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर होने से यह नौबत आ रही है। इस कारण गर्भवती महिलाओं को निशुल्क परीक्षण की सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है।
लोहाघाट उप जिला अस्पताल में रोजाना औसतन 40 अल्ट्रासाउंड होते हैं। इसमें करीब 50 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं होती हैं लेकिन अल्ट्रासाउंड कक्ष पर 15 फरवरी से ताला लटका होने से लोगों को मुश्किल हो रही है। लोगों को निजी अस्पताल से लेकर चंपावत जिला अस्पताल की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसमें समय और पैसे की बर्बादी हो रही है। इस दौरान सिर्फ 23 फरवरी को चंपावत अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट के पहुंचने से यहां अल्ट्रासाउंड हुए।
लोहाघाट की रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली मल्होत्रा दो सप्ताह की छुट्टी में हैं। मंगलवार को उनके अवकाश की अवधि पूरी हो रही है।
- डॉ. जुनैद कमर, एमएस, एचडीएच, लोहाघाट।
अल्ट्रासाउंड नहीं होने से गर्भवती महिलाओं से लेकर आम लोगों को मुश्किल हो रही है। यहां लोहाघाट के अलावा पाटी और बाराकोट क्षेत्र से आने वाले मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
- गोविंद वर्मा, अध्यक्ष, नगर पालिका, लोहाघाट।
अल्ट्रासाउंड से लेकर अस्पताल की अन्य अव्यवस्थाओं को लगातार उठाने के बावजूद कोई समाधान नहीं हो रहा है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए फिर से आवाज उठाएंगे।
- राजकिशोर, सभासद, लोहाघाट।