चंपावत। दो हजार रुपये के नोटों को मंगलवार से बदला जा सकेगा। इसके लिए बैंक प्रबंधन ने तैयारी पूरी कर ली है। एसबीआई की चंपावत शाखा के मुख्य प्रबंधक ऋषि चरण ने बताया कि दो हजार रुपये के नोटों को बदलने को लेकर सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त काउंटर लगाए जाएंगे। एक दिन में एक व्यक्ति दो हजार रुपये के 10 नोट बदल सकेगा जबकि बैंक खाते में जमा करने की कोई सीमा नहीं है। किसी को भी इन नोटों की अदला-बदली को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। चंपावत के लीड बैंक प्रबंधक प्रवीण गर्ब्याल ने बताया कि जिले के 19 बैंकों की सभी 69 शाखाओं में तैयारी पूरी कर ली गई है। दो हजार रुपये के ये नोट 23 मई से 30 सितंबर तक बदलवाए जा सकेंगे।