चंपावत। पुलिस, एसओजी और एडीटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लोहाघाट पॉलीटेक्निक कॉलेज के दो कर्मचारियों को चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उनके पास से तीन किलो 100 ग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस ने चरस तस्करी में लिप्त स्कूटी को सीज किया है। गिरफ्तार लोगों में एक खटीमा और दूसरा पिथौरागढ़ का रहने वाला है।
एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैक डाउन के तहत शुक्रवार देर शाम को एडीटीएफ और थाना लोहाघाट पुलिस ने खूनाबोरा, लोहाघाट से स्कूटी संख्या यूके 03 सी-0528 में सवार दो लोगों को तीन किलो 100 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी संदीप कुमार (32) निवासी भूड़ महोलिया खटीमा के कब्जे से एक किलो 600 ग्राम और दूसरे आरोपी प्रकाश सिंह (42) निवासी सुजई, जाजरदेवल पिथौरागढ़ के कब्जे से एक किलो 500 ग्राम चरस बरामद की गई। मनोज संविदा कर्मचारी और प्रकाश सिंह नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। एसपी ने बताया कि दोनों के खिलाफ लोहाघाट थाने में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोहाघाट क्षेत्र से सस्ते दामों पर खरीदकर खटीमा, ऊधमसिंह नगर में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए चरस ले जा रहे थे।
पुलिस बल को पांच हजार के इनाम की घोषणा
चंपावत। चरस तस्करों को दबोचने वाली पुलिस टीम को एसपी देवेंद्र पींचा ने पांच हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। आरोपियों को दबोचने वाली टीम में सीओ ऑपरेशन अभिनय चौधरी, एसओजी प्रभारी मनीष खत्री, थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान, गोविंद सिंह, मनोज कुमार, अशोक वर्मा, दीपक प्रसाद, गुलाम जिलानी और टेनिस राणा आदि शामिल रहे। (संवाद)
संदीप पहले भी चरस तस्करी में पकड़ा जा चुका है
चंपावत। चरस तस्करी की ताजा वारदात में दबोचा गया खटीमा निवासी आरोपी संदीप कुमार इससे पूर्व भी चरस तस्करी के मामले में पुलिस की ओर से हिरासत में लिया जा चुका है। दूसरे आरोपी प्रकाश सिंह ने बताया कि उसने मकान बनाने के लिए 25 लाख रुपये का कर्ज लिया है। (संवाद)