लोहाघाट (चंपावत)। संकुल संसाधन केंद्र (सीआरसी) गड्यूड़ा में विद्यालय प्रबंधन समितियों का 10 दिनी प्रशिक्षण शिविर संपन्न हो गया है। प्रशिक्षण में समिति के सदस्यों ने छात्र हित और विद्यालय विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। बृहस्पतिवार को संकुल प्रभारी शंकर सिंह अधिकारी ने प्रशिक्षण का समापन करते हुए बताया कि समग्र शिक्षा योजना के तहत चल रहे इस प्रशिक्षण में11 प्राथमिक विद्यालयों, दो उच्च प्राथमिक विद्यालयों और दो इंटर कॉलेजों की विद्यालय प्रबंधन समितियों के छह-छह सदस्यों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान विद्यालय विकास के लिए सामुदायिक सहभागिता के महत्व, छात्र-छात्राओं की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वातावरण निर्माण में समुदाय की भूमिका, एसएमसी गठन का उद्देश्य और उत्तरदायित्व, बालिका शिक्षा, स्वच्छता और बाल स्वास्थ्य आदि विषयों पर चर्चा हुई। संदर्भदाता नवीन चंद्र मिश्र, रमेश चंद्र मिश्र सहित अरविंद गड़कोटी, अमृतराज देउपा, प्रेमपाल, श्याम राम, अभिषेक कुमार, रीना, दीपक चंद्र शर्मा ने प्रशिक्षण में सहयोग किया। इस मौके पर गोविंद बल्लभ शर्मा, त्रिलोचन शर्मा बहादुर, बहादुर सिंह, भुवन राम, नीमा देवी, पुष्पा देवी, आशा देवी, रेखा देवी, मीना देवी, चंद्रा देवी सहित कई सदस्यों ने प्रतिभाग किया।