फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अब रात को आवाजाही बंद

Sat, 01 Jul 2023 10:29 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
पूर्णागिरि मार्ग पर बाटनागाड़ नाले का जायजा लेतें एसडीएम सुंदर सिंह। संवाद
विज्ञापन
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग भले ही शनिवार को बारिश के बावजूद खुला रहा लेकिन इस मार्ग पर आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। प्रशासन ने खतरे को देखते हुए सड़क पर रात को आवाजाही बंद कर दी है। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने इस संबंध में शनिवार को आदेश जारी किए। इसमें कहा गया है कि एनएच पर आवाजाही अब सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक ही हो सकेगी। किसी तरह की हीलाहवाली पर संबंधित क्षेत्र के पुलिस थाने को जिम्मेदार माना जाएगा। वहीं एनएच पर चल्थी के पास डायवर्जन के टूटने से अब आवाजाही चल्थी के पुराने पुल से हो रही है। इसके अलावा भारी बारिश से चंपावत जिले की ग्रामीण क्षेत्र की 10 सड़कें बंद हैं।
विज्ञापन

पूर्णागिरि मार्ग पर रात आठ बजे से नहीं हो सकेगी आवाजाही
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। बाटनागाड़ नाले पर भारी मलबे से दूसरे दिन शनिवार को 10 घंटे से अधिक समय तक आवाजाही बंद रही। लोनिवि ने मशक्कत के बाद शाम को मार्ग को चलने लायक बनाया। खराब मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की आमद भी बेहद कम हो गई है। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी का कहना है कि मौसम के खतरे को देखते हुए सभी उपाय करने के साथ ही श्रद्धालुओं से भी मौसम को देखते हुए ही आवाजाही करने की अपील की गई है। वहीं एसडीएम सुंदर सिंह ने टनकपुर-पूर्णागिरि (ककरालीगेट-भैरव मंदिर मार्ग) पर रात आठ बजे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। एसडीएम ने बताया कि इस मार्ग पर सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक ही वाहनों की आवाजाही होगी।
चंपावत जिले की बंद सड़कें
पटनगांव-कजीना-पुनौली, मंच-कारी, लफड़ा-सियूली-बूड़ाखेत, धौन-सल्ली, धौन-दियूरी-बजौन, सिप्टी-अमकड़िया, खटोली मल्ली-वैला, स्याला-पोथ, अमोड़ी-छतकोट और जैगांव-जैतोली।
विज्ञापन

चंपावत जिले में बारिश का आंकड़ा (मिलीमीटर में)
चंपावत: 42
लोहाघाट: 12
पाटी: 2
बनबसा: 172
इनसेट
भारी बारिश से एक मकान ध्वस्त, गाय की मौत
लोहाघाट (चंपावत)। शुक्रवार रात की तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। नेपाल सीमा से लगे मटियानी गांव के सुंदर राम के मकान पर मलबा गिरने से मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। प्राथमिक विद्यालय नेत्र सलान के प्रधानाध्यापक ने उप खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज कहा है कि विद्यालय परिसर के नीचे से सड़क कटिंग होने से विद्यालय को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग टूट गया है। वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही हो रही है। शौचालय और विद्यालय परिसर के आंशिक भाग को बारिश में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। गल्लागांव-देवली माफी मोटर मार्ग में पत्थर गिरने से आवाजाही करने में खतरा बढ़ गया है। इधर तहसीलदार विजय गोस्वामी ने बताया कि नेपाल सीमा से लगे सलान गांव में जंगल में चरने गई देव सिंह की दुधारू गाय की मलबे में दबने से मौत हो गई।
इनसेट
हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई करे आपदा परिचालन केंद्र
चंपावत। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने आपदा से संबंधित किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को जिला आपदा परिचालन केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ये निर्देश दिए। आपदा केंद्र में आने वाली सूचना के लिए बनाए गए पंजिका का निरीक्षण करने के अलावा तहसीलवार वर्षा के आंकड़ों की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश से नदी, नालों, गधेरों में जलभराव और बारिश से जलभराव के अंदेशे को देखते हुए पूरे संसाधनों के साथ अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें