चंपावत। विधानसभा उपचुनाव की मतगणना को लेकर आज जिला मुख्यालय की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि मतगणना के दौरान पिथौरागढ़, लोहाघाट क्षेत्र से टनकपुर को जाने वाले भार वाहन लोहाघाट-खेतीखान-ललुवापानी-बनलेख मार्ग से टनकपुर जाएंगे। लोहाघाट क्षेत्र से हल्द्वानी जाने वाले वाहन देवीधुरा-वालिक मार्ग से हल्द्वानी को जाएंगे। पिथौरागढ़-लोहाघाट क्षेत्र से टनकपुर जाने वाले छोटे वाहन जीआईसी तिराहा चंपावत से खाद्यान्न गोदाम होते हुए टनकपुर को जाएंगे। चंपावत मुख्य बाजार में भीड़ बढ़ने की स्थिति में टनकपुर से पिथौरागढ़ को जाने वाले भार वाहन बनलेख-ललुवापानी- खेतीखान-लोहाघाट मार्ग से जाएंगे। लोहाघाट क्षेत्र से मतगणना के संबंध में चंपावत आने वाले प्राइवेट वाहनों की पार्किंग होटल सी हॉक के पास बने मैदान में की जाएगी। टनकपुर क्षेत्र से मतगणना के संबंध में चंपावत आने वाले प्राइवेट वाहनों की पार्किंग रोडवेज बस अड्डे में की जाएगी। मतगणना ड्यूटी में लगे सभी कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग गोरलचौड़ मैदान में की जाएगी। गोरलचौड़ से खाद्यान्न गोदाम तक मार्ग वनवे रहेगा जिसमें वाहन केवल गोरलचौड़ से खाद्यान्न गोदाम की तरफ जा सकेंगे।