अमर उजाला ब्यूरो, चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले में तीन और लोग कोरोना की जंग जीतने में सफल रहे। टनकपुर के ट्रॉमा सेंटर में आइसोलेट किए गए इन तीनों लोगों को मंगलवार को छुट्टी दे दी गई।
एसीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि तीनों लोगों की तबियत पूरी तरह ठीक है। अब इन सभी लोगों को सात दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि इसी के साथ अब चंपावत जिले में कुल 48 पॉजिटिव लोगों में से 46 ठीक हो चुके हैं। जबकि डैंसली के एक व्यक्ति की हल्द्वानी में 2 जून को मौत हो गई थी। एक व्यक्ति अभी हल्द्वानी में आइसोलेट किया गया है। वहीं मंगलवार को कोरोना परीक्षण को 17 सैंपल लिए गए। स्वास्थ्य विभाग के जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि चंपावत जिले से अब तक कुल 827 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें से 703 निगेटिव और 48पॉजिटिव रहे। 68 रिपोर्ट का इंतजार है। जबकि आठ सैंपल रिजेक्ट रहे।