टनकपुर (चंपावत)। ई-टिकटिंग सिस्टम में खराबी के कारण कई रूट पर रोडवेज बस के पहिये दो दिन से थमे हैं जिससे निगम को भारी नुकसान हो रहा है। वहीं बस की कमी से यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सिस्टम में खराबी की वजह निगम मुख्यालय देहरादून से सर्वर डाउन होना बताया गया है। दो दिन में अकेले टनकपुर डिपो को पांच से सात लाख रुपये राजस्व का नुकसान हुआ है।
रोडवेज बस में टिकट को लेकर होने वाली हेराफेरी पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन निगम ने ई-टिकटिंग सिस्टम शुरू किया है लेकिन तकनीकी खामियों के कारण सिस्टम निगम और यात्री दोनों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। मशीन में खराब के बाद सर्वर में आई तकनीकी खामी ने मुसीबत पैदा की है।
शनिवार से सिस्टम का सर्वर डाउन होने के कारण पीलीभीत, बरेली, हल्द्वानी, काशीपुर, रुद्रपुर आदि मार्गों की ज्यादातर बस खड़ी हैं। यात्रियों की भीड़ और बस की कमी से सीट के लिए मारा मारी हो रही है। वहीं गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को कई वाहन बदलने पड़ रहे हैं।
ई-टिकटिंग सिस्टम का सर्वर शनिवार से डाउन है। कनेक्टिविटी न होने से टिकट मशीन काम नहीं कर रही हैं। इस कारण कई बसों का संचालन रोकना पड़ा है। टनकपुर डिपो में बरेली, रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी आदि स्थानीय रूट की दस से बारह बस दो दिन से खड़ी हैं जिस कारण डिपो को हर दिन तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।
-केएस राणा, एआरएम संचालन टनकपुर।