चंपावत। भारत छोड़ो आंदोलन की पूर्व संध्या पर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया। जिला पंचायत सभागार में चंपावत जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्रबल्लभ ओली की अध्यक्षता में मंगलवार को हुए कार्यक्रम में आजादी के योद्धाओं के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सी-हॉक ग्रुप के इंडस नेशनल स्कूल की प्रबंध निदेशक गरिमा लडवाल ने कहा कि नई पीढ़ी के लिए सेनानियों की शौर्यगाथा को स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
प्रभारी डीएम हेमंत कुमार वर्मा ने कहा कि सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी के बाद देश के विकास के लिए उसी भावना की जरूरत है। ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल ने कहा कि अंडमान की जेल (काला पानी) सेनानियों की उत्पीड़न की कहानी है। एसपी पींचा ने कहा कि पुलिस भविष्य में राष्ट्रीय समारोह से संबंधित कार्यक्रमों में सेनानियों के सुझाव लेगी और उन्हें सम्मानित करेगी। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने कहा कि सेनानियों के परिजनों के कल्याण के लिए उठाए गए सुझावों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सविता बोहरा, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, अपर मुख्य अधिकारी भगवत पाटनी, डॉ. महेश ढेक, भेषज संघ के पूर्व अध्यक्ष हरगोविंद बोहरा ने भी विचार रखे। समारोह की व्यवस्था लडवाल फाउंडेशन के चेयरमैन नरेंद्र सिंह लडवाल की ओर से की गई थी। सेनानी परिजन महेश चौड़ाकोटी, गुमान सिंह प्रथोली और पंकज ओली ने अंग्रेजों के उत्पीड़ऩ की दास्तान सुंनाई। सतीश जोशी के संचालन में हुए कार्यक्रम में कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख बहादुर फर्त्याल, मनमोहन बोहरा, गणेश दत्त पांडेय, जया पुनेठा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
सम्मानित हुए ये स्वतंत्रता सेनानी परिजन
सेनानी हरक सिंह भंडारी के पुत्र राम सिंह भंडारी, लाल सिंह प्रथोली के पुत्र गुमान सिंह प्रथोली, पंडित हर्षदेव ओली के प्रपौत्र राजेश ओली, दुर्गा दत्त ओली के प्रपौत्र पंकज ओली, चूड़ामणि गहतोड़ी के पौत्र पीतांबर गहतोड़ी, डॉ. तारा दत्त उप्रेती के पुत्र पूरन उप्रेती, दामोदर जोशी के पुत्र चंद्रमोहन जोशी, जयदत्त पुत्र वधू जानकी देवी, हरिदत्त पंत के पुत्र बालकृष्ण पंत, कृष्ण चंद्र जोशी के पौत्र योगेश जोशी, रूपदेव शास्त्री के पौत्र रमेश चंद्र, रामचंद्र चौड़ाकोटी के पुत्र महेश चौड़ाकोटी और दुर्गा दत्त ओली के पौत्र चक्रपाणि ओली।