चंपावत। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 30 जून रविवार को परिवहन आरक्षी, आबकारी सिपाही, उप आबकारी निरीक्षक, हॉस्टल मैनेजर, गृहमाता, हाउस कीपर (महिला) के पदों की लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा को लेकर शुक्रवार को एडीएम हेमंत कुमार वर्मा की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई।
जिला मुख्यालय में जीआईसी, यूनिवर्सल ग्रीन इंटर काॅलेज और विवेकानंद इंटर काॅलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। एसडीएम सदर को जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट और तीन पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए है। तीनों केंद्रों में कुल 1025 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराए जाने हेतु मुख्य कंट्रोल रूम जीआईसी चंपावत में बनाया गया है। एडीएम ने आयोग से आए प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि वह भी तीनों केंद्रों में जाकर परीक्षा से पूर्व परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों की जानकारी लेते हुए परीक्षा केंद्र प्रभारी आदि के साथ बैठक कर लें। बैठक में एसडीएम सदर सौरभ असवाल, सीओ वंदना वर्मा, आयोग के प्रतिनिधि राहुल नेगी, सीईओ एमएस बिष्ट, थाना प्रभारी डीएस नेगी सहित परीक्षा केंद्र प्रभारी आदि उपस्थित रहे। संवाद