एसडीएम सुंदर सिंह को ज्ञापन सौंपते छात्र संघ पदाधिकारी। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज में निदेशक और रजिस्ट्रार को हटाने की मांग थम नहीं रही है। अब छात्रसंघ पदाधिकारियों ने भी निदेशक और रजिस्ट्रार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें निदेशक और रजिस्ट्रार को शीघ्र न हटाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
बता दें कि इंजीनियरिंग कॉलेज में पिछले दिनों निदेशक और रजिस्ट्रार का कॉलेज के गेस्ट फैकल्टी एवं दैनिक कर्मचारियों से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि निदेशक ने अनुशासनहीनता का आरोप लगाकर एक गेस्ट फैकल्टी और दो दैनिक कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी थी जिससे तनाव में आकर तीन दिन पूर्व एक दैनिक कर्मचारी ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास भी किया था। हालांकि इसके बाद निदेशक ने निकाले गए तीनों कर्मचारियों की सेवा बहाल कर दी है लेकिन अब निदेशक और रजिस्ट्रार को हटाने की मांग तेज हो गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्था, संगठनों के साथ ही अब राजकीय महाविद्यालय के छात्रसंघ ने भी निदेशक और रजिस्ट्रार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें शीघ्र हटाने की मांग की है। एसडीएम सुंदर सिंह के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में छात्र नेताओं ने कहा है कि निदेशक और रजिस्ट्रार की हरकतों से कॉलेज की छवि धूमिल हुई है। भविष्य में भी वे अन्य कर्मचारियों के साथ ऐसा बर्ताव कर सकते हैं। ज्ञापन देने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, महासचिव गौरव कुमार, उपाध्यक्ष अभिषेक जोशी, विवि प्रतिनिधि नीरज बिष्ट, हर्षित शर्मा, सौरभ पांडेय शामिल थे।