लोहाघाट (चंपावत)। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के लोहाघाट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और किसानों ने स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों की समस्याएं सुनी। किसानों ने बताया कि जंगली जानवरों से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। लंबे समय से बारिश न होने के कारण खड़ी फसलों पर सूखे का असर पड़ा है। किसानों ने प्रदेश अध्यक्ष से कृषि ऋण माफी की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष नेगी ने किसानों की इन समस्याओं को शीघ्र ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद नेगी ने मायावती क्षेत्र का भ्रमण भी किया। इस दौरान प्रदेश संयोजक किसान मोर्चा पूरन सिंह बिष्ट, प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा हरीश सिंह सोनाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोहन पाटनी, निर्मल सिंह माहरा, संजय पाठक, पूरन राम टम्टा आदि मौजूद रहे।