एसपी के नाम से फर्जी फेसबुक-ट्विटर आईडी बनाकर पैसों की मांग करने वाला आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस अधीक्षक चंपावत के नाम से फेसबुक और ट्विटर पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से पैसों की मांग करने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट की तहरीर पर कोतवाली चंपावत में आरोपी रवि सिंह निवासी अतरसंड, जनपद प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(C)(D) में अभियोग पंजीकृत किया गया।
सीओ टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी एसओजी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि सिंह को उसके गांव अतरसण्ड, थाना कोहंडौर, जनपद प्रतापगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।