पुलहिंडोला कस्बे में अब भी जल संकट से लोगों को निजात नहीं मिल पाई है। हालांकि, जल संस्थान ने यहां छह में से तीन खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक करने का दावा किया है, लेकिन यहां की निर्मला पंत और दीपा धौनी का कहना है कि पुल्ला संपर्क मार्ग के पास वाला हैंडपंप ठीक करने के बाद इतना भारी हो गया है कि उसे चलाना मुश्किल हो गया है। प्राथमिक विद्यालय के पास का हैंडपंप थोड़ा पानी देने के बाद बंद हो रहा है, जिससे यहां के लोग डेढ़ किमी दूर चरनौला गधेरे से एवं ढाई किमी दूर पढ़ालना नौले से पानी ढो रहे हैं। पानी ढोने में परीक्षा देेने वाले बच्चे भी जुट रहे हैं।
महिलाओं का कहना है कि जल संस्थान ने एक नया हैंडपंप खोदा है यदि उसे चालू कर दिया जाता तो उन्हें तात्कालिक राहत मिल जाती। उधर, जल संस्थान के अभियंता विशाल सक्सेना का कहना है कि हैंडपंप की गहराई अधिक होने एवं पानी की मात्रा कम होने से हैंडपंप भारी हो जाता है। उसे फिर ठीक कराया जाएगा तथा नए हैंडपंप के शीघ्र हैंडिल आने वाले हैं, उन्हें चालू कर दिया जाएगा। इधर, लोहाघाट नगर में बंद पडे़ हैंडपंपों को चालू करने का काम तेजी से किया जा रहा है। सैय्यद कालू बाबा की मजार के पास एवं स्टेट बैंक के सामने का हैंडपंप ठीक कर दिया गया है। मजार वाले हैंडपंप का पानी अच्छा होने के कारण काफी दूर से लोग यहां पानी भरने के लिए आते हैं। जलकल अभियंता पवन बिष्ट के अनुसार नगर क्षेत्र में बंद पड़े सभी हैंडपंपों को चालू करने का काम चल रहा है।