टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला के पास आया मलबा
- फोटो : CHAMPAWAT
दिन में हुई भारी बारिश के बीच आए मलबे से शुक्रवार दोपहर 2:06 बजे से टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर आवाजाही ठप हो गई। रात करीब आठ बजे मार्ग पर यातायात सुचारु हो सका। राष्ट्रीय राजमार्ग पर 50 से अधिक वाहन रास्ते में फंसने से सैकड़ों मुसाफिर परेशान रहे। टनकपुर और चंपावत दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। वहीं टनकपुर-स्वांला के बीच फंसे वाहनों को चल्थी और स्वांला-चंपावत के बीच फंसे वाहनों को वापस चंपावत भेजा गया है।
एनएच पर शुक्रवार दोपहर बारिश से धौन, बरमखोला, स्वांला, अमोड़ी और बेलखेत में मलबा आने से आवाजाही ठप रही। स्वांला को छोड़कर चार अन्य जगहों पर शाम सात बजे यातायात शुरू हो गया जबकि स्वांला के पास मार्ग आठ बजे खुल सका। एसडीएम अनिल चन्याल और तहसीलदार ज्योति धपवाल की मौजूदगी में एनएच खंड और आपदा प्रबंध विभाग की टीम मलबा हटाने में जुटी रही। एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन ने रात को आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। दोनों तरफ फंसे वाहनों को चल्थी और चंपावत को भेजा गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग खोलने के काम की निगरानी के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की टीम मौके पर भेजी गई है। मार्ग पर फंसे वाहनों को सुरक्षित जगह पर भेजा जा रहा है। चंपावत में फंसे यात्रियों के लिए खाने के अलावा रहने के लिए रैनबसेरा में व्यवस्था की गई है।
- नरेंद्र सिंह भंडारी, डीएम, चंपावत