चंपावत। टनकपुर-ठुलीगाड़ सड़क के बाटनागाड़ क्षेत्र से मलबा हटाने के साथ ही उसके निस्तारण की तैयारी की जा रही है। इसके लिए शुक्रवार को डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने टनकपुर के एसडीएम सुंदर सिंह की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में सदस्य सहायक भूवैज्ञानिक हरीश बिष्ट, लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत, सहायक अभियंता सिचाई खंड आरके यादव और शारदा वन क्षेत्र के रेंजर महेश बिष्ट को शामिल किया गया है। बाटनागाड़ का ड्रोन के जरिए सर्वेक्षण किया जाएगा। समिति उप खनिजों के चिन्हीकरण, रॉयल्टी के निर्धारण के साथ मलबा निस्तारण के लिए दीर्घकालिक उपाय भी सुझाएगी। समिति को 18 जुलाई तक रिपोर्ट डीएम को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्णागिरि धाम जाने वाले मार्ग में टनकपुर से आठ किमी दूर बाटनागाड़ में चार जुलाई से मलबा आ रहा है। इसके चलते यह सड़क अभी खुल नहीं सकी है।
11 दिन बीते नहीं खुला पूर्णागिरि मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्णागिरि धाम/टनकपुर/चंपावत। 11 दिन बीत गए हैं लेकिन टनकपुर-ठुलीगाड़ सड़क से आवाजाही शुरू नहीं हो सकी है। टनकपुर से आठ किलोमीटर दूर बाटनागाड़ क्षेत्र के 375 मीटर हिस्से पर आए भारी मलबे से आवाजाही थमी हुई है। मलबा साफ कर सड़क खोलने के प्रयास लगातार जारी हैं। टनकपुर के एसडीएम सुंदर सिंह ने बताया कि 250 मीटर हिस्से को साफ किया जा चुका है। मौसम ठीक होने पर 16 जुलाई तक बाटनागाड़ क्षेत्र से मलबा हटा लिया जाएगा।
वहीं सड़क नहीं खुलने से पूर्णागिरि धाम के दर्शन बंद होने के साथ पूर्णागिरि, सेलागाड़ के अलावा नेपाल सीमा से लगे चूका क्षेत्र में भी दूध और सब्जियों की किल्लत होने लगी है। इस क्षेत्र में तैनात एसएसबी की बार्डर आउटपोस्ट, पुलिस और वन विभाग की चौकियों में तैनात कर्मियों को कठिन चुनौतियों के बीच जरूरी सामग्री की आपूर्ति हो पा रही है।
सड़कें बंद होने से परेशानी
चंपावत। शुक्रवार दिनभर बारिश नहीं हुई। मौसम खुशगवार रहा। इससे लोगों को राहत मिली। वहीं पिछले दिनों की बारिश से आए मलबे से चंपावत जिले में एक राज्य मार्ग और सात ग्रामीण सड़कें बंद हैं। इससे लोगों को दुश्वारी झेलनी पड़ रही है। बिजली और पेयजल आपूर्ति अधिकांश जगह सामान्य बनी हुई है।
चंपावत जिले में बंद हैं ये आठ सड़कें:
टनकपुर ककरालीगेट-ठुलीगाड़, छतकोट-घुरचुम पाली, पनिया-रीठाखाल, टाक खंदक-बल्वाड़ी, चिलनिया-पुनौली, मूलाकोट कांडे-भुइयां, कामाज्यूला-भनार और बांस बस्वाड़ी सड़क।
जिले की बारिश का आंकड़ा सुबह आठ बजे तक:
चंपावत: 13 मिमी
लोहाघाट: 01 मिमी
पाटी: 07 मिमी
बनबसा: 42 मिमी
चंपावत का तापमान: अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस।
बाक्स
कीचड़ में तब्दील हुई देवीधुरा कॉलेज जाने वाली सड़क
आवाजाही हुई मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवीधुरा (चंपावत)। राजकीय आदर्श डिग्री कॉलेज को जोड़ऩे वाली सड़क भारी बारिश की वजह से कीचड़ में तब्दील हो गई है। इस वजह से यहां आवाजाही मुश्किल हो रही है। विद्यार्थी परिषद की देवीधुरा शाखा के कार्यकर्ता कई बार सड़क को सुधारने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक सड़क ठीक नहीं हो सकी है।
छात्रसंघ अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट, सचिव अर्जुन बिष्ट और सुदीप चम्याल ने बताया कि सड़क को आवाजाही लायक बनाने के लिए प्राचार्या के जरिए एसडीएम को ज्ञापन देने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ है। छात्र नेताओं ने कहा कि इन दिनों कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है और सड़क का बुरा हाल होने से विद्यार्थियों को दुश्वारी हो रही है। साथ ही हादसे का अंदेशा भी बना रहता है। इधर पाटी के एसडीएम अनिल चन्याल ने सड़क को ठीक करने के लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।