टनकपुर (चंपावत)। 23 जून को राज्य का विश्व ओलंपिक दिवस कार्यक्रम इस बार टनकपुर में होगा। इस उपलक्ष्य में शुक्रवार से स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हो गई है। उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से होने वाले इस कार्यक्रम में 23 जून को सद्भावना दौड़ होगी। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हिस्सा लेंगे।
उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह की मौजूदगी और स्टेडियम के प्रशिक्षकों की देखरेख में शुरू हुई प्रतियोगिता के पहले दिन क्रिकेट और बास्केट वॉल के मुकाबले हुए। एसोसिएशन के महासचिव डॉ. सिंह ने बताया कि 23 जून तक क्रमवार वालीवॉल, फुटबाल, हॉकी, ताइक्वांडो, कराटे, बॉक्सिंग, हैंडवॉल और एथलेटिक्स के मुकाबले होंगे। विश्व ओलंपिक दिवस पर 23 जून को सद्भावना दौड़ होगी। टीम और खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश के हर वर्ग के खिलाड़ी, आम जनता, बच्चे, युवा, महिला और बुजुर्गों से बड़ी संख्या में सद्भावना दौड़ में प्रतिभाग करने की अपील की है।
कार्यक्रम सफल बनाने में ये दे रहे सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह के अलावा स्टेडियम प्रभारी मुकेश चंद्र शर्मा, जिला ओलंपिक एसोसिएशन सचिव सुरेश कुमार, चंपा मटियानी, अवतार सिंह, ललित कुमार, रेखा पांडेय, आशा पांडेय, अविनाश कुमार, आरबी मल, इमरान अली, विजय रावत, तुलसी, मनीषा, जयंती, मनीषा जोशी, अमन जोशी, सुभाष पांडेय, पवनेश पाटनी, विकास जोशी, दीपक पचौली, सूरज पांडेय आदि जुटे हैं।
इनसेट
-इस दिन ये मुकाबले होंगे
खेलकूद प्रतियोगिताओं के तहत 17 जून को वॉलीवॉल, 18 जून को फुटबॉल्, 19 जून को हॉकी व ताइक्वांडो, 20 जून को कराटे, हॉकी व बॉक्सिंग, 21 जून को हैंडवॉल और 22 जून को एथलेटिक्स के मुकाबले होंगे।