चंपावत जिले के कठौती में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के खिलाड़ी। संवाद
चंपावत। ब्यानधुरा बाबा स्पोर्ट्स क्लब के ब्यानधुरा क्रिकेट प्रीमियर लीग का फाइनल मैच स्पोर्ट्स क्लब कठौती ने जीतकर ट्राॅफी अपने नाम की।
शुक्रवार को विद्या भवन स्टेडियम में क्रिकेट का फाइनल मुकाबला स्पोर्ट्स क्लब कठौती और कठौती बी के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कठौती बी की टीम छह ओवर में 51 रन बनाकर आलआउट हो गई। स्पोर्ट्स क्लब के संदीप और पानू महरा ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने पानू के 21 रन की बदौलत चार ओवर में मैच जीत लिया। विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्पोर्ट्स क्लब के पानू को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। क्रिकेट कमेटी अध्यक्ष प्रेम महरा ने सभी का आभार जताया। इस दौरान पूर्व धूरा मंडल अध्यक्ष गुमान सिंह बोहरा, पूर्व बीडीसी सदस्य पूरन महरा सहित गांंव के अन्य लोग मौजूद रहे । संवाद