टनकपुर (चंपावत)। बृहस्पतिवार से टनकपुर से मथुरा के बीच विशेष रेल सेवा शुरू हुई। टनकपुर से सुबह पांच बजे चली इस रेलगाड़ी (05062) में महज आठ यात्री थे।
स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि यहां से मथुरा के लिए एक यात्री और कासगंज के लिए सात यात्री सवार हुए। मथुरा तक जाने वाली यह ट्रेन खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, सोरों शूकर, कासगंज, हाथरस स्टेशन पर रुकेगी। 12 कोच वाली इस रेल सेवा का 15 नवंबर तक संचालन होगा।
मथुरा और त्रिवेणी एक्सप्रेस का स्टॉपेज बनाने की मांग
बनबसा (चंपावत)। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष भरत भंडारी ने टनकपुर से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस एवं मथुरा जाने वाली ट्रेन का स्टॉपेज बनबसा में बनाने की मांग की है। रेल मंत्री के अलावा सांसद और मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में उन्होंने टनकपुर-दिल्ली ट्रेन का समय रात में करने की भी मांग की है।
उन्होंने कहा है कि बनबसा में सेना छावनी, एनएचपीसी, केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण कार्यालय, कस्टम, एसएसबी, सीआईएसएफ, केंद्रीय विद्यालय, आईटीबीपी ट्रांजिट कैंप होने के बावजूद त्रिवेणी एक्सप्रेस एवं टनकपुर-मथुरा को चलने वाली ट्रेन का स्टॉपेज नहीं बनाया गया है जिससे यहां के लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
कहा है कि नेपाल के प्रवेश द्वार पर बसे होने के कारण बनबसा में स्टॉपेज बनाया जाए तो नेपाली नागरिकों के लिए भी ट्रेन का सफर लाभदायक होगा। साथ ही रेलवे की भी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने दिल्ली जाने वाली ट्रेन का समय टनकपुर से रात्रि में करने की मांग की। कहा कि अगर ऐसा हुआ तो टनकपुर, बनबसा, खटीमा से यात्रियों के अलावा व्यापारी वर्ग भी ट्रेन में सफर करेगा जो रात्रि में सफर कर सुबह दिल्ली में अपना काम निपटाकर शाम को वापस लौट पाएगा। संवाद