दिल्ली में फिक्की अवार्ड से सम्मानित होते सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह खड़ायत। फाइल फोटो
दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के जज केवी विश्वनाथन और पूर्व लोकायुक्त एनसीटी हाईकोर्ट जेएंडके जस्टिस मनमोहन सरीने ने किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
टनकपुर (चंपावत)। नशे के खिलाफ असरदार अभियान के लिए जिले के एसओजी प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह खड़ायत भारतीय वाणिज्य और उद्योग महासंघ के फिक्की अवार्ड से सम्मानित हुए हैं। दिल्ली में 29 सितंबर को आयोजित हुए कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जज केवी विश्वनाथन और पूर्व लोकायुक्त एनसीटी हाईकोर्ट जम्मू कश्मीर जस्टिस मनमोहन सरीन के हाथों उन्हें यह सम्मान मिला।
बता दें कि इससे पूर्व उत्तराखंड पुलिस के चार राजपत्रित अधिकारियों को फिक्की सम्मान मिल चुका है। एसआई खड़ायत जिले के तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। वर्ष 2022-23 में उनके नेतृत्व में जिले में 41 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 28.3 किलो चरस और 2.1 किलो स्मैक बरामद की गई है।
एसआई खड़ायत ने नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से जनपद में नशे का धंधा करने वाले तस्करों की संख्या में कमी आई है और कई लोग नशे के चंगुल से भी बाहर आए हैं। सब इंस्पेक्टर खड़ायत को मिले सम्मान पर एसपी देवेंद्र पींचा, सीओ अविनाश वर्मा समेत जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।