पिथौरागढ़। पहाड़ों तक स्मैक की सप्लाई करने वाला युवक नानकमत्ता से गिरफ्तार हुआ है। स्मैक तस्कर की निशानदेही पर पुलिस सप्लायर तक पहुंची। बीते फरवरी में पुलिस और एसओजी ने घाट चौकी के पास एक युवक को स्मैक के साथ पकड़ा। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पुलिस ने इस तस्करी का नेटवर्क खंगाला तो मुख्य सप्लायर के नाम का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि नानकमत्ता, यूएसनगर निवासी बलविंदर सिंह पहाड़ों तक स्मैक पहुंचाने का मुख्य सप्लायर है। वह पहाड़ के युवाओं को स्मैक उपलब्ध कराता है। पुलिस ने सप्लायर की खोजबीन में टीम नानकमत्ता भेजी। एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि टीम ने सप्लायर को नानकमत्ता से गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ में स्मैक तस्करी में शामिल अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। इस पूरे नेटवर्क को खंगाला जाएगा।