शारदा में डूबे बरेली के तीनों युवक तीसरे दिन भी नहीं मिल पाए हैं। बारिश और शारदा का जलस्तर बढ़ने से शनिवार को आपरेशन सर्च भी प्रभावित रहा। बरेली के गणेश नगर थाना सुभाष नगर निवासी विकास कश्यप (19) पुत्र पप्पू कश्यप उसका चचेरा भाई भवानी उर्फ सुरेंद्र (20) पुत्र स्व. मुनीष कुमार और गुलाब नगर चौधरी मोहल्ला निवासी विपिन शर्मा (17) पुत्र रमेश शर्मा गत बृहस्पतिवार को शारदा में नहाते वक्त डूबे हैं। पीएसी का तैराक दल डूबे युवकों को खोजने मेें जुटा है, लेकिन तीसरे दिन भी वे नहीं मिल पाए हैं। शनिवार को तड़के शुरू हुई बारिश और पर्वतीय क्षेत्र में बारिश से शारदा का जल स्तर बढ़ने से आपरेशन सर्च भी प्रभावित रहा। कोतवाल कमल राम आर्या का कहना है कि बरसात के कारण नदी के पानी में गाद (मलबा) अधिक आ रहा है, ऐसे में तैराक दल को गोता लगाना मुश्किल हो रहा है। घटना स्थल से लेकर बैराज तक पुलिस नदी पर बराबर नजर रखे है। बनबसा बैराज चौकी की पुलिस को सतर्क किया गया है। इधर डूबे युवकों के परिजन और रिश्तेदार भी नदी क्षेत्र पर नजर गड़ाए हैं।