चंपावत। चंपावत जिले के दो अस्पतालों में भेजे गए तीन विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सात दिन बाद भी कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इस कारण जिले को अभी ईएनटी (कान, नाक और गला) और अन्य विशेषज्ञ सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं दूसरी ओर यहां से स्थानांतरित एक डॉक्टर रिलीव हो चुके हैं।
पिछले माह 28 अक्तूबर को शासन ने कई डॉक्टरों के स्थानांतरण किए थे। चंपावत जिले के लिए पांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की गई थी। इन डॉक्टरों में से अभी गायनाकोलोजिस्ट डॉ. प्रियंका कांडपाल ने जिला अस्पताल और बाराकोट की रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली मल्होत्रा ने ही लोहाघाट में कार्यभार ग्रहण किया है। डॉ. कांडपाल कुछ समय से मासी अस्पताल से यहां जिला अस्पताल संबद्ध थीं। लमगड़ा सीएचसी के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र सिंह और पीएचसी बड़ालू के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्णिका पंत को चंपावत जिला अस्पताल भेजा गया है।
इसके अलावा सीएचसी डीडीहाट के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अंबरीश कुमार का लोहाघाट एसडीएच में स्थानांतरण हुआ है लेकिन अभी इनमें से किसी ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है जबकि अल्मोड़ा जिला अस्पताल स्थानांतरित हुए भिंगराड़ा के फिजिशियन डॉ. यशमोहन सोनी यहां से कार्यमुक्त हो गए हैं।
चंपावत भेजे गए पांच में से चार डॉक्टरों ने अभी कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इस संबंध में पत्राचार किया जा रहा है।
- डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, चंपावत।