अमर उजाला ब्यूरो, चंपावत। चंपावत जिले के पहले सात कोरोना पॉजिटिव पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। सोमवार को इन सभी को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) से छुट्टी दे दी गई। ये सभी सात लोग मंगलवार से होम क्वारंटीन रहेंगे। अब चंपावत जिले के डैंसली का एक व्यक्ति ही सुशीला तिवारी अस्पताल में है। अलबत्ता उसकी सेहत में भी सुधार हो रहा है। 23 मई को टनकपुर से 4 और बनबसा से 3 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इन सभी को उसी दिन क्वारंटीन से हल्द्वानी भेजा गया था। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि अब ये सभी पॉजिटिव लोग स्वस्थ हो गए है और उन्हें हल्द्वानी के अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इन लोगों को अब सात दिन के लिए होम क्वारंटीन होना होगा। पॉजिटिव मिले चार लोग मुंबई, दो दिल्ली और एक गुरुग्राम से आए थे। इन लोगों के ठीक होने से क्षेत्र के लोगों का डर कम हुआ है। वहीं हल्द्वानी में भर्ती डैंसली के व्यक्ति की तबितय में भी सुधार हो रहा है। अलबत्ता उन्हें अभी छुट्टी नहीं मिली है। डैंसली का यह व्यक्ति 25 मई से हल्द्वानी में भर्ती है।