टनकपुर(चंपावत)। रोडवेज के जूनियर फोरमैन के साथ मारपीट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसएसआई पूरन सिंह तोमर ने बताया कि उत्तराखंड परिवहन निगम की मंडलीय कार्यशाला के जूनियर फोरमैन भुवन चंद्र पांडेय ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि चार मई की सुबह करीब 8:20 बजे मंडलीय कार्यशाला परिसर में एक टैक्सी जो प्राइवेट नंबर की थी, उसे मंडलीय प्रबंधक संचालन के कार्यालय के ठीक नीचे लगाया जा रहा था। आरोप है टैक्सी को शारदा शंकर चला रहा था। कार्यालय के ठीक नीचे वाहन पार्क करने से मना करने पर चालक अपनी टैक्सी से उतरकर उन पर झपट पड़ा। इससे उनके कपड़े फट गए और गर्दन, शरीर पर चोट आई। कर्मचारियों ने पहुंचकर उसे छुड़ाया। इस बीच आरोपी टैक्सी चालक जानमाल की धमकी देकर चला गया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी शारदा शंकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी है। संवाद