टनकपुर (चंपावत)। बनबसा के बाद अब टनकपुर में भी नेपाली सवारियों से मनमाना किराया वसूलने का मामला सामने आया है। इसमें रोडवेज की कुछ बस चालक-परिचालक और ई-रिक्शा चालकों की मिलीभगत बताई जा रही है।
इन दिनों त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी नेपाली नागरिक भारत से होते हुए अपने घरों को लौट रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर कुछ नेपाली यात्रियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, देहरादून और हरिद्वार से टनकपुर आने वाली बस चालक-परिचालक बस अड्डे से लगभग चार किमी पहले चंदफार्म हजारीबाग के पास सवारियों को उतार रहे हैं। इसके बाद फोन पर ई-रिक्शा चालकों को बुलाकर सवारियों को टनकपुर बैराज पर छोड़ा जा रहा है। इसके एवज में ई-रिक्शा चालक रोडवेज चालक-परिचालकों को पांच सौ रुपये दे रहे हैं।
ई-रिक्शा चालक नेपाली सवारियों से एक हजार से दो हजार रुपये तक वसूल रहे हैं। यह खेल रोडवेज अड्डे पर भी चल रहा है जिसमें ई-रिक्शा चालक सवारियों को बैराज तक छोड़ने के तीन से चार सौ रुपये तक ले रहे हैं। कोतवाल चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि कुछ नेपाली यात्रियों ने मौखिक शिकायत की है। मामला गंभीर है, जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर रोडवेज के आरएम पवन मेहरा ने मामले की जांच कर आरोप सिद्ध होने पर संबंधित चालक-परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। संवाद