लोहाघाट (चंपावत)। नगर के ऋषेश्वर मंदिर में कलश यात्रा के साथ भागवत कथा शुरू कर दी गई है। शांति भंग की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने मंदिर के बाबा को कड़े आदेश जारी किए हैं। बाबा मोहनानंद और मंदिर समिति के बीच ऋषेश्वर मंदिर में भागवत कथा के आयोजन को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बाबा मोहनानंद ने डीएम कार्यालय में 21 अगस्त को जन्माष्टमी महोत्सव के आयोजन की अनुमति मांगी थी।
जन्माष्टमी महोत्सव के आयोजन पर क्षेत्र में बड़ा विवाद होने और शांति भंग की आशंका को देखते हुए डीएम नवनीत पांडे ने 12 कड़ी शर्तों के बीच ऋषेेश्वर मंदिर के बाबा को दैनिक पूजा पाठ की अनुमति के आदेश जारी किए हैं। आदेश में बाबा को मंदिर परिसर में दैनिक पूजा पाठ के दौरान माइक, लाउड स्पीकर व साउंड सिस्टम का उपयोग न करने, मंदिर परिसर में टेंट कनात न लगाने, पूजा पाठ के अतिरिक्त कोई अन्य कार्य न करने, पूजा पाठ के कार्यक्रम को वृहद रूप देने के लिए किसी भी प्रकार से पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया से प्रचार प्रसार, प्रचार वाहन और अन्य माध्यमों से प्रचार प्रसार न करने, पूजा पाठ स्थल पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पूजा पाठ में संपूर्ण कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कर प्रतिदिन की रिकाॅर्डिंग एसओ लोहाघाट को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
न्यायालय की ओर से दी गई अनुमति के अलावा अन्य कार्यक्रम आयोजित न कराने के निर्देश दिए हैं। उप जिलाधिकारी रिंकू बिष्ट को नियमों का कड़ाई से पालन कराने, पुलिस का कड़ा बंदोबस्त कराने के एसपी को निर्देश दिए हैं। मालूम हो कि शांति भंग की आशंका को देखते हुए 20 लोगों के खिलाफ 107/116 के नोटिस जारी किए गए हैं।
कलश यात्रा के साथ ऋषेश्वर मंदिर में भागवत कथा का शुभारंभ
लोहाघाट (चंपावत)। कलश यात्रा के साथ नगर के प्रसिद्ध ऋषेश्वर मंदिर में सात दिनी श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ हो गया है। कथा के शुभारंभ पर मंदिर से स्टेशन बाजार होते हुए हथरंगिया फिर वहां से मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। मुख्य यजमान मंदिर के पुजारी मान सिंह पुजारी, सह यजमान सुभाष जोशी सपत्नीक शामिल हैं। बाबा मोहनानंद ने बताया कि कथा का वाचन जूना आखाड़ा हरिद्वार से आई माहेश्वरी गिरी कर रही हैं।