चंपावत/लोहाघाट। विगत दिवस हुई मूसलाधार बारिश से विकास खंड बाराकोट के चौमेल में एक आवासीय भवन भरभरा कर गिर गया। भवन में रह रहे छह लोग बाल-बाल बच गए। पीड़ितों ने दूसरी जगह शरण ली हुई है।
शनिवार की देर रात करीब 12 बजे भारी बारिश से हयात राम का आवासीय भवन एकाएक ध्वस्त हो गया। उस समय हयात राम पत्नी और चार बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। भवन की दीवार गिरने की आवाज सुनकर हयात राम ने पत्नी और बच्चों के साथ बाहर निकलकर किसी तरह जान बचाई।
चामी के ग्राम प्रधान प्रकाश महर ने बताया कि हयात राम के परिवार को चौमेल के पंचायत घर में रखा गया है उनके व अन्य ग्रामीणों की ओर से हयात राम के परिवार की खाने पीने की व्यवस्था की जा रही है। प्रधान ने कहा कि हयात राम की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। प्रधान ने बताया कि हयात के अलावा प्रधानमंत्री आवास से बन रहे संजय राम के मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा हैं। पीड़ित हयात ने जल्द मकान देने की गुहार लगाई है। तहसीलदार विजय गोस्वामी का कहना है कि पटवारी को मौका मुआयना करने के लिए भेजा गया है। पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
इनसेट
मकान के पर गिरा देवदार का पेड़
लोहाघाट (चंपावत)। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत आदर्श कॉलोनी में होली मैदान के पास साेमवार को अचानक देवदार का विशाल पेड़ भवन के ऊपर गिर गया। इससे भवन की छत को काफी नुकसान पहुंचा है। साथ ही सड़क बाधित हो गई है और बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। लोगों ने बताया कि कॉलोनी में अन्य पेड़ भी खतरे की जद में हैं जिनके निस्तारण की मांग की। दमकल विभाग के प्रभारी एफएसएसओ जगदीश तिलाड़ा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पेड़ को हटवाकर मार्ग सुचारु कराया। संवाद
इनसेट
चंपावत जिले की बंद सड़कें
ककरालीगेट-ठूलीगाड़-भैरव मंदिर, रीठाखाल-मनटांडे, कामाज्यूला-भनार, वैडा-लुवाकोट, किमतोली-कोट, नरसिंहडांडा-गुरौली, कन्यूड़ा-बडपास, चमदेवल-निडिल, अमोड़ी छतकोट, चिलनिया-पुनौली और कुलियाल रांव-साल।
इनसेट
कहां कितनी हुई बारिश
चंपावत-01 मिमी
लोहाघाट-0.5 मिमी
पाटी-04 मिमी
बनबसा-21 मिमी
इनसेट
अधिकतम तापमान-22 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान-19 डिग्री सेल्सियस