चंपावत। पेयजल निर्माण निगम की ओर से 46 लाख रुपये की लागत से सात पेयजल योजनाओं की मरम्मत और पुनर्गठन का कार्य किया जाएग। चंपावत शहर की पेयजल योजना को अपग्रेड करने के लिए शहरी विकास निदेशालय की ओर से नौ लाख रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। इससे मुंडेला ग्राम पंचायत में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही गतिमान है।
पेयजल निगम के ईई वीके पॉल के अनुसार राज्य सेक्टर ग्रामीण कार्यक्रम के तहत चंपावत नगर पुनर्गठन पंपिंग पेयजल योजना पूर्ण हो चुकी है। योजना की मरम्मत के लिए जिला योजना में 11 लाख रुपये का आवंटन हुआ है। इसके अलावा चंपावत शहर की पेयजल योजना को अपग्रेड करने के लिए शहरी विकास निदेशालय देहरादून की ओर से डीपीआर बनाई गई है।
इसके तहत मुंडेला में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा पाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए मुख्य टैंक से स्पेशल फीडर लाइन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पाटी ग्राम समूह पंपिंग योजना, पुल्ला बाजार पेयजल योजना, भारतोली पेयजल योजना के रखरखाव किया जाएगा।